न्यूयॉर्क 10 सितंबर 2025
बहुत जल्द न्यूयॉर्क के मेयर बनने जा रहे ज़ोहरान ममदानी ने FIFA पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि FIFA 2026 टिकटों की डायनेमिक प्राइसिंग पॉलिसी आम दर्शकों की लूट है और इसे तुरंत वापस लेना होगा।
“खेल का उत्सव है, अमीरों की नीलामी नहीं”
ममदानी ने कहा, “फुटबॉल गरीब और अमीर सबका खेल है। लेकिन FIFA की यह पॉलिसी टिकटों को नीलामी का माल बना रही है। जो बाद में टिकट खरीदेगा, उसे ज्यादा पैसे देने पड़ेंगे। ये खेल प्रेम नहीं, ये लालच है।”
न्यूयॉर्क की सड़कों से उठी आवाज़
न्यूयॉर्क शहर भी FIFA 2026 के मेज़बान शहरों में शामिल है। ममदानी ने चेतावनी दी कि वह अपने शहर में खेल को “पैसे वालों का तमाशा” नहीं बनने देंगे। उन्होंने कहा कि टिकट की कीमतें आम जनता की जेब के हिसाब से तय होनी चाहिए, न कि FIFA के मुनाफे के हिसाब से।
FIFA पर बढ़ रहा दबाव
11 जून से 19 जुलाई 2026 तक अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में होने वाले इस मेगा इवेंट से पहले ही टिकट बिक्री विवादों में घिर चुकी है। सोशल मीडिया पर दर्शक लगातार कह रहे हैं कि टिकट आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गए हैं। अब ज़ोहरान ममदानी जैसे बड़े नेता का खुला हमला FIFA की मुश्किलें और बढ़ा सकता है।




