महेंद्र कुमार | नई दिल्ली | 28 दिसंबर 2025
कांग्रेस पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने देश की आज़ादी, लोकतंत्र और विकास की यात्रा में कांग्रेस की ऐतिहासिक भूमिका को रेखांकित करते हुए RSS और BJP पर तीखा हमला बोला। खड़गे ने कहा कि कांग्रेस के पास आज भी सत्य है, जबकि भाजपा की राजनीति झूठ और भ्रम पर टिकी हुई है। उन्होंने कहा कि RSS–BJP की सोच नफरत और विभाजन पर आधारित है, जो भारत के मूल विचार और संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ जाती है। खड़गे ने कहा कि भारत जिन सर्वोच्च आदर्शों—एकता, अखंडता, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय—पर खड़ा है, उनके लिए महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी जैसे नेताओं ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। कांग्रेस की राजनीति कभी सत्ता की लालसा से प्रेरित नहीं रही, बल्कि वह हमेशा विचार, मूल्य और संविधान की रक्षा का माध्यम रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के पास भले ही आज सत्ता हो, लेकिन सच्चाई उनके साथ नहीं है। जो लोग आज इतिहास पर भाषण दे रहे हैं, उनके पूर्वज आज़ादी के संघर्ष से दूर खड़े थे, अंग्रेज़ों से पेंशन लेते रहे, जबकि कांग्रेस के नेता जेलों में थे।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2025 अपने आप में ऐतिहासिक महत्व का वर्ष है। यह महात्मा गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने की शताब्दी है, संविधान को अपनाए जाने के 75 वर्ष पूरे हो रहे हैं और ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं जयंती भी इसी वर्ष मनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि 2026 में दादाभाई नौरोजी की 200वीं जयंती, सरोजिनी नायडू के कांग्रेस अध्यक्ष बनने की शताब्दी और ‘झंडा ऊँचा रहे हमारा’ गीत की शताब्दी जैसे गौरवशाली अवसर भी देश के सामने होंगे। ये सभी पड़ाव कांग्रेस की वैचारिक परंपरा और स्वतंत्रता संग्राम से उसके गहरे जुड़ाव को दर्शाते हैं।
1947 के बाद के वैश्विक परिदृश्य का उल्लेख करते हुए खड़गे ने कहा कि भारत की आज़ादी के आसपास कई देश स्वतंत्र हुए, लेकिन जहां अनेक देशों में लोकतंत्र टिक नहीं पाया और तानाशाही हावी हो गई, वहीं भारत में लोकतंत्र जीवित रहा और लगातार मजबूत होता गया। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस के महान नेताओं की दूरदर्शिता और लोकतांत्रिक सोच का ही परिणाम था कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र बना।
खड़गे ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं के विज़न की बदौलत भारत खेती-बाड़ी से लेकर अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा और रणनीतिक क्षेत्रों तक आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ा। कांग्रेस के लंबे शासनकाल में देश की अंतरराष्ट्रीय छवि बदली और भारत को वैश्विक मंच पर सम्मान मिला। हरित क्रांति से लेकर संचार और सूचना क्रांति, ऑटोमोबाइल क्रांति और उदारीकरण के दौर तक—भारत ने हर क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाई।
कांग्रेस अध्यक्ष ने दोहराया कि ये उपलब्धियां किसी एक सरकार की नहीं, बल्कि कांग्रेस की उस सोच का परिणाम हैं, जिसने हमेशा देश को जोड़ने, लोकतंत्र को मजबूत करने और आम आदमी को केंद्र में रखने की राजनीति की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस की लड़ाई सत्ता के लिए नहीं, बल्कि भारत के लोकतांत्रिक चरित्र, संवैधानिक मूल्यों और देश की आत्मा की रक्षा के लिए है।




