Home » Sports » नागपुर में टीम इंडिया का शानदार प्रदर्शन, न्यूजीलैंड को 48 रनों से रौंदा, IND vs NZ में बना अनोखा रिकॉर्ड

नागपुर में टीम इंडिया का शानदार प्रदर्शन, न्यूजीलैंड को 48 रनों से रौंदा, IND vs NZ में बना अनोखा रिकॉर्ड

Facebook
WhatsApp
X
Telegram

IND vs NZ: ODI सीरीज की निराशा को पीछे छोड़ टीम इंडिया ने नागपुर में शानदार जीत के साथ किया नया शुरुआत

भारतीय क्रिकेट टीम ने नागपुर में खेले गए पहले T20I मुकाबले में न्यूजीलैंड को करारी शिकस्त दी। मेजबान टीम ने किवी टीम को 48 रनों से मात देकर ODI सीरीज की हार का बदला लिया। इस शानदार जीत के नायक रहे सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, जिन्होंने महज 35 गेंदों में 84 रनों की तूफानी पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 7 विकेट के नुकसान पर 238 रनों का विशाल स्कोर बनाया। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 7 विकेट गंवाकर केवल 190 रन ही जुटा सकी।

नागपुर में रचा गया इतिहास

इस मैच में दोनों टीमों ने मिलकर कुल 428 रन बनाए, जो भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच T20I इतिहास में सबसे ज्यादा संयुक्त स्कोर है। इस मैच ने 10 फरवरी 2019 को हैमिल्टन में बने 420 रनों के पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया।

अभिषेक शर्मा का तूफानी प्रदर्शन

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया के लिए अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। उन्होंने अपनी धमाकेदार अर्धशतकीय पारी में आठ विशाल छक्के और पांच शानदार चौके लगाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। हालांकि, उन्हें संजू सैमसन का साथ ज्यादा देर तक नहीं मिला, जो दूसरे ओवर में 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। लंबे अंतराल के बाद टीम में वापसी कर रहे ईशान किशन भी निराश करते हुए केवल 8 रन बनाकर तीसरे ओवर में आउट हो गए।

सूर्या और अभिषेक की मजबूत साझेदारी

शुरुआती 3 ओवरों में 2 अहम विकेट गंवाने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 47 गेंदों में 99 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हालांकि, कप्तान सूर्या अपनी सामान्य लय में नहीं दिखे और 32 रन बनाकर आउट हो गए।

रिंकू सिंह की तूफानी फिनिशिंग

पारी के आखिरी ओवरों में रिंकू सिंह ने स्कोर को तेजी से बढ़ाने की जिम्मेदारी उठाई। उन्होंने सिर्फ 20 गेंदों में नाबाद 44 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल रहे। उनके इस शानदार योगदान से भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ T20I में अपना अब तक का सर्वोच्च स्कोर 238 रन बनाया।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments