पटना, 23 अगस्त 2025
कांग्रेस सांसद और पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी ने पटना में केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा वोट चोरी का मुद्दा उठाए जाने के बाद भाजपा और चुनाव आयोग दोनों की बेचैनी साफ दिखाई दे रही है। इमरान ने इसे देश में लोकतंत्र की सबसे बड़ी लड़ाई करार देते हुए कहा कि “झूठ दिन में पांच बार कपड़े बदलकर भी घबराया हुआ है और एक हमारा सच है जो एक टी-शर्ट में छाया हुआ है।”
प्रतापगढ़ी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का जनता की अदालत में सीधे जाने का निर्णय अब एक बड़े जनांदोलन और क्रांति का रूप ले चुका है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ ने पूरे देश में व्यापक जनसमर्थन हासिल किया है और अब हर आम नागरिक इस लड़ाई में कांग्रेस के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ कांग्रेस की लड़ाई नहीं, बल्कि हर भारतीय के अधिकारों को बचाने की जंग है।
बिहार की जनता को संबोधित करते हुए इमरान प्रतापगढ़ी ने चेतावनी दी कि यदि भाजपा सरकार मताधिकार छीनने में सफल हो गई तो जनता किसी भी सरकारी योजना का लाभ नहीं ले पाएगी। उन्होंने कहा कि “जनता से मताधिकार छिनने का मतलब है कि न आपको पानी मिलेगा, न खाद मिलेगा, न सड़क मिलेगी और न बच्चों को उनका हक मिलेगा।” इमरान ने सरकार पर हमला करते हुए कहा कि यह सरकार महिलाओं, नौजवानों, किसानों, गरीबों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों की दुश्मन है। इसलिए जनता को एकजुट होकर इस सरकार को उखाड़ फेंकना होगा।
नीति आयोग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए प्रतापगढ़ी ने बिहार की बदहाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि बिहार आज भी देश का सबसे पिछड़ा और गरीब राज्य है, जबकि यहां भाजपा-जदयू की लंबे समय से सरकार रही है। खासकर सीमांचल क्षेत्र की बदहाली को लेकर उन्होंने पीएम मोदी को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि कोशी, सुपौल समेत सीमांचल के कई जिले आज भी बेहद पिछड़े हैं, लेकिन केंद्र और राज्य सरकारें सिर्फ चुनावी नारे देती रहीं, असली विकास के लिए कभी बजट नहीं दिया।
इमरान प्रतापगढ़ी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि चुनावी मंच से मोदी जी ने बिहार की जनता से बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन उन वादों का धरातल पर कोई असर नहीं दिखा। उन्होंने कहा कि “नरेंद्र मोदी ने चुनावी भाषण दिए, लेकिन बजट नहीं दिया। नारे दिए लेकिन जमीन पर विकास नहीं दिया। इसलिए सीमांचल की जनता पूछ रही है कि आखिर उन्हें कब तक सिर्फ लॉलीपॉप दिया जाएगा?”
कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष ने यह भी कहा कि बिहार की जनता अब जाग चुकी है और राहुल गांधी के नेतृत्व में उठी यह लड़ाई लोकतंत्र को बचाने की जंग में बदल चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार समेत पूरे देश की जनता भाजपा सरकार की नीतियों को पूरी तरह खारिज कर देगी।




