Home » National » गुजरात से कांग्रेस का हमला: खड़गे बोले – “RSS अंग्रेजों की गुलामी करता था, आज भी सत्ता में मलाई खा रहा है”

गुजरात से कांग्रेस का हमला: खड़गे बोले – “RSS अंग्रेजों की गुलामी करता था, आज भी सत्ता में मलाई खा रहा है”

Facebook
WhatsApp
X
Telegram

अहमदाबाद 10 सितंबर 2025

गुजरात में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा और आरएसएस पर ज़बरदस्त हमला बोला। खड़गे ने कहा कि जब आज़ादी की लड़ाई में कांग्रेसियों ने जेल, फांसी और बलिदान दिया, तब आरएसएस के लोग अंग्रेजों की गुलामी कर रहे थे। आज भी वही मानसिकता जारी है और सत्ता में बैठे लोग मलाई काट रहे हैं। उन्होंने कहा – “कांग्रेस का इतिहास त्याग और बलिदान का है, जबकि भाजपा-आरएसएस का इतिहास केवल समझौते और स्वार्थ से भरा हुआ है।”

पटेल और नेहरू की विरासत बनाम आज के “दो गुजरात मॉडल”

खड़गे ने याद दिलाया कि सरदार वल्लभभाई पटेल और पंडित जवाहरलाल नेहरू ने आज़ादी के बाद जूनागढ़, हैदराबाद समेत कई रियासतों को भारत में मिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और सरदार पटेल – दोनों इसी गुजरात की धरती से निकले थे और उन्होंने देश को आज़ाद कराने व एक रखने में अपना सबकुछ न्योछावर कर दिया। लेकिन आज गुजरात से राजनीति में उभरे “दो व्यक्ति” संविधान और आज़ादी की जड़ों पर हमला कर रहे हैं। खड़गे ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि इन देश विरोधी उसूलों के खिलाफ डटकर लड़ना होगा।

“जो गांधी-नेहरू के खिलाफ थे, वही आज कांग्रेस विरोध में खड़े हैं”

कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा और आरएसएस को अंग्रेजों का एजेंट बताते हुए कहा कि जो लोग आज कांग्रेस पर वार कर रहे हैं, वही लोग कभी आज़ादी और गांधी-नेहरू के खिलाफ खड़े थे। खड़गे ने राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’, ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’, ‘जय बापू, जय भीम, जय संविधान’ और ‘वोटर अधिकार यात्रा’ का ज़िक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने देशभर में जनता के मुद्दों को उठाया और लोगों को अधिकारों की रक्षा का संदेश दिया।

“बूथ एजेंट है कांग्रेस की असली ताकत”

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए खड़गे ने साफ कहा कि कांग्रेस की जीत बूथ एजेंट की ईमानदारी और प्रतिबद्धता पर निर्भर करेगी। उन्होंने कहा – “अगर बूथ एजेंट सतर्क रहेगा तो उसे पता होगा कि किस गली-मोहल्ले का वोट डल चुका है और कौन बाकी है। यही कांग्रेस की जीत की गारंटी बनेगा।” उन्होंने संगठन को बूथ से लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।

मोदी पर तीखा वार: “सीमा पर खून बहा, लेकिन जवाब कौन देगा?”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए खड़गे ने कहा कि मोदी ने चीन के राष्ट्रपति को झूला झुलाया और दुनिया के सामने दोस्ती का नाटक किया, लेकिन जब चीन ने हमारी सीमा में घुसपैठ की और जवानों पर हमला किया तो मोदी ने देश को गुमराह किया कि “कोई हमारी सीमा में घुसा ही नहीं।” खड़गे ने सवाल किया कि सीमा पर जो जवानों का खून बहा, उसका जवाब कौन देगा? उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी आज चीन के सामने नतमस्तक हैं।

“भाजपा-आरएसएस सिर्फ़ उद्योगपतियों की जेब भर रहे हैं”

खड़गे ने कहा कि भाजपा और आरएसएस केवल कॉर्पोरेट घरानों और अपने चहेते उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने में लगे हुए हैं। गरीब, किसान, मजदूर और नौजवान इनके एजेंडे में कहीं नहीं हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि वे इतिहास से सबक लेकर ईमानदारी और समर्पण के साथ मैदान में उतरें, क्योंकि देश को बचाना अब कांग्रेस की जिम्मेदारी है।

कांग्रेस का स्पष्ट संदेश

खड़गे का भाषण कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने वाला रहा। उनके आक्रामक तेवरों ने भाजपा और आरएसएस पर सीधा हमला बोलते हुए यह साफ कर दिया कि कांग्रेस सत्ता की भूखी पार्टी नहीं, बल्कि देश की एकता, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए लड़ रही है।

 

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments