एबीसी नेशनल न्यूज़ | नई दिल्ली | 6 मार्च 2026
राष्ट्रपति ने शुक्रवार को देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में राज्यपालों और उपराज्यपालों की बड़ी फेरबदल को मंजूरी दे दी। इस निर्णय के तहत कई राज्यों में नए राज्यपाल नियुक्त किए गए हैं, जबकि कुछ मौजूदा राज्यपालों को दूसरे राज्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नई नियुक्तियों के अनुसार, शिव प्रताप शुक्ला को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल पद से हटाकर तेलंगाना का राज्यपाल बनाया गया है। वहीं जिष्णु देव वर्मा, जो अभी तक तेलंगाना के राज्यपाल थे, उन्हें महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
इसी क्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता नंद किशोर यादव को नागालैंड का नया राज्यपाल बनाया गया है। वहीं सेना के वरिष्ठ अधिकारी रहे लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन को बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
तमिलनाडु के राज्यपाल आर.एन. रवि को अब पश्चिम बंगाल का राज्यपाल बनाया गया है। उनके स्थान पर केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को तमिलनाडु के राज्यपाल के कार्यों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इसके अलावा लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को लद्दाख का नया उपराज्यपाल बनाया गया है। वहीं भारत के पूर्व राजदूत तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है।
केंद्र सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक फेरबदल के रूप में देखा जा रहा है, जिससे विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में शासन व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की कोशिश की गई है। नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।




