नई दिल्ली 30 अक्टूबर 2025
भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता और डेटा सुरक्षा को लेकर देश के दिग्गज टेक उद्यमी व HCL के को-फाउंडर अजय चौधरी ने एक गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने खुलासा किया कि केंद्र सरकार के दफ्तरों में लगी अटेंडेंस मशीनों की जांच में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है — इन मशीनों में चीनी चिप्स लगे हुए हैं और सारा डेटा चीन भेजा जा रहा है।
अजय चौधरी ने कहा, “केंद्र सरकार के दफ्तरों में अटेंडेंस मशीनें लगी थीं। जब खुफिया एजेंसियों ने जांच की, तो पता चला कि सभी मशीनों में Chinese chips लगे हुए हैं और पूरा डेटा चीन के सर्वरों पर जा चुका है।”
उन्होंने भारत की तकनीकी नीति और आत्मनिर्भरता पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत में फोन तो बनते हैं, लेकिन उनके पुर्ज़े यानी किट चीन से आती हैं। उन्होंने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा, “हम सिर्फ पेंच कसते हैं, असली तकनीक चीन की होती है।”
HCL को-फाउंडर ने यह भी कहा कि भारत सरकार टेक कंपनियों को वह समर्थन नहीं देती, जो चीन अपनी कंपनियों को देता है। यही कारण है कि भारतीय तकनीकी उद्योग आत्मनिर्भर नहीं बन पा रहा और सुरक्षा जोखिम लगातार बढ़ रहे हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, अजय चौधरी का यह बयान न केवल डेटा सिक्योरिटी पर सवाल खड़ा करता है, भारत की मेक इन इंडिया नीति की दिशा पर भी गंभीर बहस छेड़ सकता है।




