नई दिल्ली
5 अगस्त 2025
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। मंगलवार को उन्होंने 2,258 दिनों की सेवा पूरी करते हुए भारत के सबसे लंबे समय तक कार्यरत केंद्रीय गृहमंत्री बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की संसदीय बैठक में शाह की प्रशंसा करते हुए उनके नेतृत्व और समर्पण की सराहना की।
अमित शाह ने तोड़ा आडवाणी का रिकॉर्ड
अमित शाह ने यह उपलब्धि भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी का रिकॉर्ड तोड़ते हुए हासिल की। आडवाणी ने 1998 से 2004 तक कुल 2,256 दिनों तक गृहमंत्री का कार्यभार संभाला था। उससे पहले कांग्रेस नेता गोविंद बल्लभ पंत ने 1955 से 1961 तक छह साल और 56 दिनों तक यह पद संभाला था।
ऐतिहासिक तिथि, ऐतिहासिक उपलब्धि
शाह के गृहमंत्री कार्यकाल का यह मील का पत्थर ठीक उसी दिन आया जब उन्होंने 5 अगस्त 2019 को संसद में अनुच्छेद 370 हटाने की घोषणा की थी। यह कदम जम्मू-कश्मीर की विशेष स्थिति को समाप्त करते हुए उसे दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित करने वाला था, जिसे भाजपा के सबसे बड़े संवैधानिक निर्णयों में एक माना जाता है।
पीएम मोदी ने की खुले मंच से सराहना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमित शाह को इस अवसर पर बधाई देते हुए कहा कि उनका प्रशासनिक अनुभव, राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता और निर्णायक नेतृत्व देश के लिए अमूल्य है। पीएम मोदी ने NDA की बैठक में कहा, “अमित भाई ने हर चुनौती को अवसर में बदला है और गृहमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल सुरक्षा, स्थायित्व और सुधार का प्रतीक बन गया है।”
संसद सत्र के बीच हुआ जश्न
यह उपलब्धि ऐसे समय में आई है जब संसद का मानसून सत्र हंगामों और गतिरोध से जूझ रहा है। इसके बावजूद NDA नेताओं ने संसद की लाइब्रेरी बिल्डिंग में आयोजित बैठक में अमित शाह को विशेष रूप से सम्मानित किया।




