राष्ट्रीय | ABC NATIONAL NEWS | नई दिल्ली / पश्चिम बंगाल | 4 अप्रैल 2026
पहली नजर में यह सिर्फ मतदाता सूची के फॉर्मेट का मामला लगता है, लेकिन गहराई में जाएं तो यह वही बिंदु है जहां से “साज़िश” की आशंका जन्म लेती है। जब डिजिटल युग में डेटा को विश्लेषण योग्य रूप में देने के बजाय तस्वीरों में बदलकर पेश किया जाए, जब लाखों नाम हटाए जाने की बातें सामने आएं और जब इस पूरे प्रक्रिया की जांच लगभग असंभव बना दी जाए—तो सवाल उठता है कि क्या यह महज संयोग है या किसी बड़े राजनीतिक उद्देश्य की तैयारी? यही कारण है कि अब यह चर्चा सिर्फ तकनीकी नहीं, बल्कि इस सवाल तक पहुंच गई है कि क्या यह सब ममता बनर्जी को चुनावी तौर पर नुकसान पहुंचाने की एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है।
इस पूरे विवाद ने देश के सबसे अहम संवैधानिक संस्थान भारतीय चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सीधा सवाल खड़ा कर दिया है। पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची जिस रूप में जारी की गई है, उसने पारदर्शिता और निष्पक्षता दोनों को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं। इमेज फॉर्म में जारी सूची को पढ़ना तो संभव है, लेकिन उसका विश्लेषण करना लगभग नामुमकिन हो जाता है। इससे न केवल विपक्षी दल, बल्कि स्वतंत्र पत्रकार और शोधकर्ता भी डेटा की गहराई तक नहीं पहुंच सकते। और इससे ऐसा लगता है कि विपक्ष कितना भी वोट चोरी को सिद्ध करता रहे ज्ञानेश कुमार अपने आकाओं के हुक्म को पूरा करने के लिए नहीं सुधरेगा।
इस मुद्दे को और हवा तब मिली जब Alt News ने अपनी विस्तृत रिपोर्ट में इस प्रक्रिया पर सवाल उठाए। रिपोर्ट के बाद अब यह मामला राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से निकलकर सार्वजनिक बहस का केंद्र बन चुका है। विपक्ष का कहना है कि अगर सब कुछ पारदर्शी है, तो फिर डेटा को ऐसे फॉर्मेट में क्यों जारी किया गया जो जांच को कठिन बना दे?
सबसे बड़ा विवाद उन कथित 60 लाख नामों को लेकर है, जिन्हें मतदाता सूची से हटाए जाने की बात कही जा रही है। यह संख्या अपने आप में इतनी बड़ी है कि इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या इन नामों को हटाने में कोई विशेष पैटर्न अपनाया गया? क्या किसी खास वर्ग या समुदाय को disproportionately प्रभावित किया गया? इन सवालों का कोई स्पष्ट जवाब अभी तक सामने नहीं आया है, जिससे संदेह और गहरा हो रहा है।
एक और गंभीर आशंका यह जताई जा रही है कि जहां आम जनता और विपक्ष को केवल इमेज फॉर्म में डेटा दिया गया है, वहीं क्या किसी विशेष राजनीतिक दल को यही डेटा डिजिटल रूप में उपलब्ध कराया गया? अगर ऐसा हुआ, तो यह चुनावी निष्पक्षता के मूल सिद्धांतों के खिलाफ होगा। हालांकि इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है, लेकिन जवाबों की कमी ने इस शक को और मजबूत कर दिया है।
लोकतंत्र में चुनाव सिर्फ वोट डालने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि उस प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता भी उतनी ही जरूरी होती है। अगर मतदाता सूची जैसे बुनियादी दस्तावेज को ही इस तरह प्रस्तुत किया जाए कि उसकी स्वतंत्र जांच संभव न हो, तो यह पूरे सिस्टम की साख पर असर डालता है। चुनाव आयोग की जिम्मेदारी केवल चुनाव कराना नहीं, बल्कि हर स्तर पर भरोसा कायम रखना भी है।
डेटा सुरक्षा का तर्क भी इस बहस में सामने आ रहा है। अगर यह कहा जाए कि डेटा को इमेज फॉर्म में इसलिए रखा गया ताकि उसका दुरुपयोग न हो, तो सवाल उठता है कि क्या इसके लिए कोई बेहतर और संतुलित तरीका नहीं अपनाया जा सकता था? क्या पारदर्शिता और सुरक्षा के बीच संतुलन बनाना असंभव था?
इस पूरे घटनाक्रम ने अब एक बड़े राजनीतिक सवाल को जन्म दे दिया है—क्या यह सिर्फ एक तकनीकी निर्णय था, या फिर इसके पीछे कोई व्यापक चुनावी रणनीति काम कर रही है? क्या यह सब महज संयोग है, या फिर किसी खास राजनीतिक परिणाम की दिशा में उठाया गया कदम? देश के सामने सवाल है—क्या लोकतंत्र की सबसे अहम प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ हो रही है, या फिर उसके पीछे कुछ ऐसा छिपा है जिसे जानबूझकर नजरों से दूर रखा जा रहा है? पिछले कई चुनाव वोट चोरी के बीच हुए हैं और इस बार फिर वही करने की तैयारी है।




